
धनबाद: जिले के बाघमारा इलाके में रविवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। रामकनाली ओपी क्षेत्र के कुम्हार पट्टी रोड में कोयले और मिट्टी के ढेर के नीचे दब जाने से एक महिला और एक पुरुष की माैत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि अवैध तरीके से कोयला खनन के दौरान जमीन का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए।
जानकारी के अनुसार, कुछ पुरुष और महिलाएं अवैध खनन स्थल पर जलावन के लिए कोयला निकालने गए थे। इसी दौरान अचानक चाल धंस गई, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। साथियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और तीनों को इलाज के लिए कतरास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक सीमा देवी का इलाज कर रहे हैं। वहीं, एक महिला और एक पुरुष के शव को उनके स्वजन एवं ग्रामीण अपने साथ लेकर चले गए।







