
दुमका: जिले में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका पाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की पहचान सोनू राउत (26 वर्षीय) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनिहाट इलाके में स्थित एक सरकारी भवन के कमरे से सोनू राउत का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मौत के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक के रिश्तेदार सुनील राउत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोनू पिछले करीब चार महीने से भाजपा नेता और जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां रसोइये के तौर पर काम कर रहा था। परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं और मामले की जांच की मांग की है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपियों में विधायक देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, बेटे रवि कुमार, बेटे की पत्नी, विधायक के साला मिथिलेश कुमार सिंह, सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और निजी स्टाफ से जुड़े लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नवल किशोर सिंह ने बताया कि सोनू राउत के परिजनों की शिकायत के आधार पर हंसडीहा थाने में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, मृतक के संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।







