{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"ai_enhance":1,"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह माह के मासूम बेटे को कथित तौर पर पत्थर पर पटककर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मृतक बच्चे की पहचान अंश कुमार (6 माह) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पिता की पहचान आकाश कुमार मेहता के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सड़ा आलू फेंकने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि घर में सड़ा हुआ आलू फेंकने को लेकर अंश की मां और उसकी दादी के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार मेहता घर पहुंचा। पत्नी और मां के बीच विवाद की जानकारी मिलने के बाद वह कथित तौर पर गुस्से में आ गया। आरोप है कि गुस्से में आकाश ने अपने छह माह के बेटे अंश को उठाया और घर के पास कुएं के समीप रखे एक पत्थर पर पटक दिया। घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बच्चे के घायल होने के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मां के बयान पर हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक की मां के बयान पर कटकमसांडी थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे घरेलू विवाद के अलावा अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।







