देहरादून के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में झारखंड के पांच फरार आरोपितों पर दो-दो लाख का इनाम
देहरादून:डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे पांच आरोपितों पर उत्तराखंड पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सभी पांचों आरोपितों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इस तरह कुल इनामी राशि 10 लाख रुपये हो गई है। सभी फरार आरोपित झारखंड के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 13 फरवरी 2026 को हुई थी। घटना के बाद डालनवाला थाने में हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें एक पूर्व में घोषित एक लाख रुपये का इनामी भी शामिल था।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पांच अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद से सभी आरोपी फरार हैं और लगातार उनकी तलाश की जा रही है।
फरार आरोपितों में आकाश कुमार प्रसाद (बजरंग टेकरी, बागबेड़ा, जमशेदपुर), जितेंद्र कुमार साहू (उलिडीह टैंक रोड, मानगो, पूर्वी सिंहभूम), अंकित कुमार वर्मा (थाना रोड, टंगरा टोली, लोहरदगा), आशुतोष कुमार सिंह (आरपी पटेल स्कूल रोड, जमशेदपुर) और विशाल सिंह (गाराबासा, बागबेड़ा, जमशेदपुर) शामिल हैं।
डीजीपी स्तर से इनाम की राशि बढ़ाए जाने के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
