पानी मांगने के बहाने उड़ाया मोबाइल, लोगों ने खदेड़कर चोर को दबोचा; तलाशी में ब्राउन शुगर भी बरामद
जमशेदपुर:गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के समीप मंगलवार दोपहर एक युवक की मोबाइल चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले एक व्यक्ति से पानी मांगा। जैसे ही पीड़ित उसे पानी पिलाने में व्यस्त हुआ, आरोपी मौके का फायदा उठाकर उसका मोबाइल लेकर भाग निकला। शोर मचते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद लोगों ने उसकी तलाशी ली, जिसमें चोरी किया गया मोबाइल बरामद हो गया। इसके अलावा उसके पास से ब्राउन शुगर भी मिलने की बात सामने आई। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ थाना ले गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या नशे के कारोबार से भी संबंध है या नहीं।
