
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के मुंशीगंज मोहल्ले में पति-पत्नी के बीच विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी की नाक काट दी। वहीं, ससुराल पक्ष ने महिला पर पति के निजी अंग को दांत से काटकर घायल करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद घायल महिला को पहले सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
तीन महीने बाद घर लौटी थी महिला
पुलिस के मुताबिक, साधना (27) करीब तीन महीने से घर से बाहर थी। गुरुवार को उसके वापस लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। साधना का आरोप है कि उसके पति दीपक ने पहले उसके सिर पर हमला किया और इसके बाद चाकू से उसकी नाक काट दी और नाली में फेंक दिया। महिला का यह भी आरोप है कि वारदात के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके दोनों हाथ पकड़ रखे थे।
घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सांडी सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ससुराल पक्ष ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, साधना के ससुराल पक्ष ने उसके आरोपों को खारिज किया है। सास का दावा है कि साधना करीब ढाई महीने पहले मोहल्ले के ही एक युवक के साथ चली गई थी। परिवार के मुताबिक, बाद में पुलिस की मौजूदगी में हुए समझौते के बाद वह उसी युवक के साथ रहने लगी थी।
ससुराल पक्ष का आरोप है कि गुरुवार को अचानक घर लौटने के बाद साधना बच्चों को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। सास का दावा है कि झगड़े के दौरान साधना ने अपने पति के निजी अंग को दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद साधना ने खुद अपना सिर जमीन पर पटककर चोट पहुंचाई।
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
सांडी थाना पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ फिलहाल शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, जबकि उसकी सास ने शिकायत दी है।
दोनों पक्षों के आरोपों की जांच जारी
पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साधना और दीपक की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। दोनों की तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8, 6 और 3 वर्ष बताई गई है। फिलहाल इस पारिवारिक विवाद में लगाए गए दोनों पक्षों के गंभीर आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।







