पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन क्षेत्र के महिदापुर से एक नाबालिग से सामूहिक दरिंदगी की खबर से सनसनी मच गई है।पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बोलपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के मुताबिक उसने आरोपियों के पैर पकड़ लिये थे. वह बार-बार कह रही थी- काकू, मैं आपकी बेटी की तरह हूं. मुझसे ऐसा मत करिये. मैं आपका पैर पकड़ती हूं. लेकिन बलात्कारियों पर मासूम की मिन्नतों का कोई असर नहीं हुआ. वे ठिठोली मारते रहे और एक के बाद एक दरिंदे उससे कुकर्म करते रहे।
घटना की खबर फैलते ही महिदापुर के उत्तेजित ग्रामीणों ने शांति निकेतन थाने को चारों तरफ से घेर लिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विश्व भारती जैसी पवित्र भूमि पर ऐसी घटना ने जिले को कलंकित कर दिया है. ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि 48 घंटे के भीतर सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो उग्र आंदोलन शुरू हो जायेगा. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है. आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है.
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गयी है. आरोपियों की पहचान हो गयी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.












