---Advertisement---

अखबार बेचने वाले पिता की बेटी ने रचा इतिहास, वैष्णवी कुमारी ने 10वीं में टॉप-10 में बनाई जगह

On: April 25, 2026 11:44 AM
---Advertisement---

शुभम जायसवाल

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): कड़ी मेहनत और मजबूत हौसले के दम पर एक साधारण परिवार की बेटी ने बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्थानीय अखबार विक्रेता व मर्चावार गांव निवासी संजय कुमार की पुत्री वैष्णवी कुमारी ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय सरस्वती विद्या मंदिर में टॉप-10 में नौवां स्थान प्राप्त किया है।

वैष्णवी कुमारी ने परीक्षा में 454 अंक यानी 90.80 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता से परिवार और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है।

सबसे खास बात यह है कि वैष्णवी के पिता संजय कुमार रोजाना अखबार बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। उनकी मेहनत और त्याग का ही परिणाम है कि आज उनकी बेटी ने यह मुकाम हासिल किया है।

वैष्णवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा हरि साव, माता-पिता, गुरुजनों और सहपाठियों को दिया है। उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो सकी।

वैष्णवी का सपना आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का है। उसने कहा कि वह अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करती रहेगी।

वहीं पिता संजय कुमार और माता किरण देवी ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि वे हर हाल में उसकी पढ़ाई जारी रखेंगे और उसके सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

परिवार के अन्य सदस्यों और स्थानीय लोगों ने भी वैष्णवी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। दादा हरि साव ने पोती की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now