
पटना: राजधानी पटना के ज्ञान भवन में भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित सितारे शामिल हुए। भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ समेत कई कलाकारों ने कार्यक्रम में शिरकत की। खास बात यह रही कि शो का हिस्सा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव भी हैं। तेज प्रताप यादव अपने पिता लालू यादव के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। लालू यादव ने ‘भोजपुरी बवाल’ के कलाकारों को बधाई दी थी। वहीं पवन सिंह ने लालू यादव के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया।
शूटिंग पूरी होने के बाद तेजप्रताप यादव ज्ञान भवन से बाहर निकले और पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था, शराब से दूरी और भोजपुरी कलाकारों को लेकर कई बातें कहीं। बातचीत के दौरान तेजप्रताप ने भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह पर भी तीखा हमला बोला।
तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह भगवान कृष्ण के भक्त हैं और अक्सर वृंदावन आते-जाते रहते हैं। उन्होंने कहा, “मैं कृष्ण भगवान का भक्त हूं। वृंदावन आता-जाता रहता हूं। तुलसी की माला धारण किया हूं। शराब वगैरह से दूर रहता हूं।”
तेजप्रताप ने कहा कि कलाकारों को भी शराब जैसी चीजों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने पवन सिंह का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा और कहा कि कुछ कलाकार शराब का सेवन करते हैं।
तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाते हुए कहा, “कुछ कलाकार हैं, जो शराब पीते हैं। अंदर में शराब पीकर एक कलाकार ठुमका लगा रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर शराब का टेस्ट कराया गया तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा, “एमएलसी हो गए हैं, शराब पी रहे हैं। अभी शराब का टेस्ट होगा तो वह धरे जाएंगे।”
पवन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजप्रताप ने और भी तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा, “लफुआ लोग के बारे में हम कुछ नहीं बोलते हैं। पवन सिंह बड़ा लफुआ है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे थे, हालांकि तेजप्रताप यादव के पहुंचने से पहले ही वह वहां से निकल गए। पत्रकारों ने जब तेजप्रताप से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने और उनके पहले चले जाने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि शायद मुख्यमंत्री को पता चल गया होगा कि वह यहां आ रहे हैं, इसलिए वह पहले ही उठकर चले गए।
तेजप्रताप यादव ने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे और उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में बहुत से लोग उनके साथ रहते हैं, लेकिन बाद में पाला बदल लेते हैं।
पत्रकारों ने जब तेजप्रताप यादव से भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सवाल को अपने निजी जीवन से जोड़ते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, “आप लोग उल्टा चला लीजिएगा, मेरा तलाक का केस चल रहा है।”
भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े चेहरों की मौजूदगी के बीच तेजप्रताप यादव के बयान ने कार्यक्रम को और सुर्खियों में ला दिया।







