
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव साहू होटल के पास पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान ह्यूमपाइप इंदिरानगर निवासी चंदन गिरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चंदन का आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में उसके गले पर निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि तार या किसी अन्य वस्तु से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई और इसके बाद शव को लाकर सीतारामडेरा क्षेत्र में फेंक दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सोमवार रात पत्नी को मायके छोड़कर निकला था
चंदन की पत्नी इशिका कौर ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम दोनों अपने भाई से जुड़े एक मामले के सिलसिले में सीतारामडेरा थाना गए थे। वहां से दोनों शीतला मंदिर पहुंचे। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे चंदन अपनी पत्नी को मायके छोड़कर घर जाने की बात कहकर निकल गया।
इसके बाद चंदन के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव मिलने की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों के अनुसार, चंदन दिसंबर में जेल से बाहर आया था और वर्तमान में काम कर रहा था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। पुलिस अब हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए घटनाक्रम और चंदन के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।





