
बोकारो: बोकारो थर्मल के CCL के कथारा एरिया अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को CBI ने बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी की टीम ने सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान के एवज में 18 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते दो डीलिंग क्लर्कों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर्मचारियों में सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, CBI की टीम शुक्रवार सुबह गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची। कार्रवाई के दौरान दोनों क्लर्कों को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद CBI टीम दोनों कर्मचारियों को अपने साथ ले गई।
पूरा मामला परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत रहे जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा बताया जा रहा है। रसूल जमा करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बावजूद उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान लंबित था।
आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और लंबित राशि दिलाने के एवज में दोनों डीलिंग क्लर्क उनसे रिश्वत की मांग कर रहे थे। कई महीनों तक भुगतान लंबित रहने और कथित तौर पर रिश्वत की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने मामले की शिकायत धनबाद CBI से की।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया। इसके बाद आरोपित कर्मचारियों को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की गई। शुक्रवार को रसूल जमा ने जैसे ही दोनों क्लर्कों को 18 हजार रुपये दिए, पहले से मुस्तैद CBI अधिकारियों ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में अचानक CBI की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। कुछ देर तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार्रवाई पूरी करने के बाद CBI की टीम दोनों गिरफ्तार कर्मचारियों को अपने साथ ले गई।
फिलहाल CBI मामले की आगे की जांच में जुटी है। जांच के दौरान रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं और मामले में किसी और की भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है।







