
रांची: भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की रांची टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। CBI ने CRPF पटना में तैनात सीनियर अकाउंटेंट सोनू कुमार को 14 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने ऑडिट के दौरान आपत्ति नहीं करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जमशेदपुर में की थी 50 हजार रुपये की मांग
जानकारी के मुताबिक, सोनू कुमार 5 सितंबर को जमशेदपुर आए थे। इसी दौरान उन्होंने ऑडिट के दौरान किसी तरह की आपत्ति दर्ज नहीं करने के बदले संबंधित व्यक्ति से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इसके बाद इस मामले की शिकायत रांची CBI कार्यालय में लिखित रूप से की गई।
जांच में रिश्वत मांगने की हुई पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद CBI की निगरानी में सोनू कुमार से 50 हजार रुपये किस्तों में लेने पर सहमति बनी। पहली किस्त के रूप में 14 हजार रुपये पटना में लेने की बात तय हुई।
पटना पहुंची CBI की टीम, रंगे हाथ गिरफ्तारी
पहली किस्त लेने के लिए सहमति बनने के बाद रांची CBI की टीम पटना पहुंची। अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को लेकर रांची पहुंची CBI टीम
गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम आरोपी सीनियर अकाउंटेंट को लेकर रांची पहुंची है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह टीम सोनू कुमार को लेकर रांची पहुंची। अब मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। CBI रिश्वत की मांग, लेन-देन और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







