खासम ख़ासजमशेदपुरझारखंड

राहुल बच्चा हत्याकांड: मुख्य आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार, SIT की कार्रवाई में पांचवां आरोपी पहुंचा जेल

ख़बर को शेयर करें

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू को बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल बच्चा पर डंडों, लकड़ियों और पत्थरों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल राहुल की बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई राजा की शिकायत पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ द्विवेदी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि विक्की सिंह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। लगातार छापेमारी के बाद 12 जुलाई को एसआईटी ने उसे बिरसानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार विक्की सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुराना है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना, वर्ष 2023 में उलीडीह थाना तथा वर्ष 2025 में सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
इससे पहले पुलिस साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्त उर्फ बंगाली, अर्ताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। विक्की सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब तक पांच आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। वहीं, पुलिस घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।