
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित भूतनाथ मंदिर परिसर में सावन के आखिरी सोमवार को पूजा करने पहुंची एक महिला की करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर निवासी रीना चौधरी अन्य महिलाओं के साथ सावन के अंतिम सोमवार को पूजा करने भूतनाथ मंदिर पहुंची थीं। पूजा संपन्न होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
रीना चौधरी का आरोप है कि इससे पहले वह खाटू श्याम मंदिर गई थीं। उनका कहना है कि वहां से तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनका पीछा कर रहे थे। आशंका है कि इसी गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर भूतनाथ मंदिर परिसर में उनकी चेन पर हाथ साफ किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति फुटेज में नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। इसके अलावा आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद मंदिर में मौजूद महिलाओं ने भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर बढ़ती चोरी और छिनतई की घटनाओं को लेकर चिंता जताई। महिलाओं का कहना था कि भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।





