
रांची: राजधानी रांची में धार्मिक आस्था का झांसा देकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में धार्मिक आस्था और डर का सहारा लेकर बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के गहने ठगने का मामला सामने आया है। शिव शक्तिनगर की रहने वाली 62 वर्षीय रेणु कुशवाहा गुरुवार सुबह मंदिर में पूजा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाल्मीकि नगर में दो युवकों ने उन्हें अपनी बातों में फंसाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण उतरवा लिए और मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। मामले को लेकर रेणु कुशवाहा ने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के पति स्वर्गीय उदय कुमार कुशवाहा पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट थे। महिला के मुताबिक, ठगी को अंजाम देने वाले दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच थी।
पीड़िता के अनुसार, वह मंदिर से पूजा कर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और खुद को अयोध्या का पुजारी बताया। उसने बातचीत के दौरान महिला से पानी पीने के लिए पांच रुपये मांगे। इसी बीच उसका दूसरा साथी भी वहां पहुंच गया।
बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने महिला को अलग-अलग बातों में उलझाना शुरू कर दिया। एक युवक ने दावा किया कि महिला के बेटे के साथ अगले दिन दुर्घटना होने वाली है। यह सुनकर महिला घबरा गईं। इसके बाद ठगों ने धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर महिला को भरोसे में लेने की कोशिश की।
ठग ने अपने साथी की ओर इशारा करते हुए महिला से कहा कि उसकी मां भी बीमार है। इसके बाद उसने अपने साथी को 11 रुपये हाथ में लेकर कुछ दूर आगे जाने को कहा और दावा किया कि ऐसा करने से उसे हनुमान जी के दर्शन होंगे।
महिला के मुताबिक, युवक कुछ दूर गया और थोड़ी देर बाद वापस लौटा। उसके हाथ में हनुमान जी की मूर्ति थी। यह देखकर महिला को दोनों युवकों की बातों पर विश्वास होने लगा। इसके बाद ठगों ने महिला से भी 51 रुपये हाथ में लेकर आगे बढ़ने को कहा।
महिला जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ीं, आरोपियों ने धार्मिक बातों का सहारा लेते हुए कहा कि हनुमान जी को सोना पसंद नहीं है। उन्होंने रावण की सोने की लंका का उदाहरण देते हुए महिला से कहा कि हनुमान जी ने सोने की लंका जला दी थी। इसके बाद ठग ने महिला से कहा कि वह अपने शरीर से सोने के आभूषण उतारकर उसे दे दें। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि पूजा और मंत्रोच्चार के बाद गहने उन्हें वापस कर दिए जाएंगे। ठगों की बातों पर विश्वास करके महिला ने अपने आभूषण उतारकर उन्हें सौंप दिए।
इसके बाद आरोपियों ने महिला से कहा 10 कदम आगे जाकर वापस आएं, तब वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएंगे। महिला के अनुसार, वह आरोपियों के कहने पर कुछ दूर आगे चली गईं। जब वह वापस लौटीं तो दोनों युवक वहां से गायब थे। महिला ने आसपास उनकी तलाश की और काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। तब उन्हें एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उनके पास से चार सोने के कंगन, जिनका वजन करीब 50 ग्राम बताया गया है, दो हीरा जड़ित चूड़ियां, करीब 10 ग्राम की सोने की चेन और एक लॉकेट लेकर फरार हुए हैं। महिला ने सभी आभूषणों की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल सकती है। महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







