
रांची : टाटा समूह की भारत की प्रमुख ओम्नी-चैनल इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर क्रोमा ने एप्पल के आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहकों को 12,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस मिलेगा। प्री-बुकिंग 200 से अधिक शहरों में 560 से ज्यादा क्रोमा स्टोर्स के अलावा क्रोमा डॉट कॉम, टाटा न्यू ऐप और बिगबास्केट पर की जा सकती है।
क्रोमा स्टोर्स पर आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की प्री-बुकिंग 5,000 रुपये में होगी, जबकि ऑनलाइन बुकिंग के लिए पूरी राशि का भुगतान करना होगा। नए प्रो मॉडल में एप्पल का ए20 प्रो चिप, सी2 वायरलेस मॉडेम और फिजिकल वैरिएबल अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल फ्यूजन मुख्य कैमरा दिया गया है।
क्रोमा ने आईफोन 17 प्रो सीरीज पर भी विशेष कीमतों की घोषणा की है। आईफोन 17 प्रो 256 जीबी की कीमत 69,990 रुपये और 512 जीबी की 88,490 रुपये है। आईफोन 17 प्रो मैक्स 256 जीबी 74,990 रुपये और 512 जीबी 94,990 रुपये में उपलब्ध है। ग्राहकों को चुनिंदा क्रेडिट कार्ड पर 4,000 रुपये बैंक कैशबैक के साथ एक्सचेंज लाभ और 12,000 रुपये तक बोनस मिलेगा।
इन्फिनिटी रिटेल लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी स्टोर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्री-बुकिंग प्रक्रिया को आसान बना रही है। ऑनलाइन कीमतें 15 सितंबर से लागू होंगी। एप्पल वॉच सीरीज 12, एप्पल वॉच अल्ट्रा 4 और एयरपॉड्स की भी प्री-बुकिंग क्रोमा पर उपलब्ध है।




