पलामू: झारखंड से बिहार अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार (29 जनवरी) को पुलिस अधीक्षक, मेदिनीनगर (पलामू) को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वैन में अवैध शराब की खेप झारखंड से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर न्यू फॉरेस्टल गांव, बहेलोलवा के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया, जिसकी गतिविधियां प्राप्त सूचना से मेल खा रही थीं। पूछताछ के दौरान वाहन सवार व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि वाहन में पानी लदा हुआ है और इसके समर्थन में उन्होंने एक इनवॉइस बिल भी प्रस्तुत किया।

हालांकि, जब पुलिस ने पिकअप वैन की गहन तलाशी ली तो उसमें पानी के बजाय अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई पाई गई। वाहन में मौजूद लोग शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि वे रांची से शराब लेकर बिहार के औरंगाबाद ले जाते हैं, जहां उसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।
दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामानों की जब्ती सूची तैयार कर सदर थाना लाया गया। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-12/2026, दिनांक 29.01.2026 के तहत धारा 272/274/336(3) एवं 47(A) एक्साइज एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सरोज प्रजापति, उम्र – 32 वर्ष, पिता – लक्ष्मी प्रजापति
निवासी – ग्राम पोठो बारीडीह, थाना ओरमांझी, जिला रांची
सुरेंद्र महतो, उम्र – 41 वर्ष, पिता – सीताराम महतो
निवासी – ग्राम पंडरी पचड़ा, थाना चान्हो, जिला रांची
जब्त सामानों की सूची
अंग्रेजी शराब – 150 कार्टन (लगभग 1342 लीटर)
मोबाइल फोन – 1
पिकअप वैन – 1 (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH01FX-8446)














