---Advertisement---

बुढ़मू: दातुन तोड़ने पेड़ पर चढ़े 14 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत, गांव में मातम

On: February 24, 2026 11:44 AM
---Advertisement---

रांची:बुढ़मू थाना क्षेत्र में पेड़ पर दातुन तोड़ने चढ़े युवक की करंट लगने से मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाऊज गांव में ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिदूं बसाईर के सामने हुआ. मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है. सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान वह पेड़ से सटे 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया. तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के दौरान बिजली का तार टूट गया, जिससे पेड़ के नीचे आग भी लग गई. आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और आपूर्ति बंद करवाई.

सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. वहीं, पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे इस तरह खुले में 11 हजार वोल्ट का तार रहना बेहद खतरनाक है और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी.

घटना की सूचना मिलते ही सोनू की मां घटनास्थल पर पहुंचीं. पेड़ पर अपने बेटे का शव देख वे बदहवास होकर गिर पड़ीं. आसपास के लोगों ने पानी का छिड़काव कर उन्हें होश में लाया. परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इस दर्दनाक हादसे ने बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि खुले और झूलते बिजली तारों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें