{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":2},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे टनल में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सुरंग के भीतर अचानक पानी और भारी मात्रा में मलबा घुस जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 श्रमिक घायल हैं। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय टनल के भीतर निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक पानी और मलबा घुसने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। सुरंग के अंदर कुल 22 मजदूर फंस गए थे। बचाव दल ने 20 श्रमिकों को बाहर निकाला, जिनमें से 7 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो अन्य श्रमिकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान प्रदीप सिंह पवार (उत्तराखंड), मुकेश (उत्तराखंड), दुर्लभ शर्मा (बिहार), विजय (झारखंड), जितेंद्र कुमार (झारखंड), लोकेश्वर और भुनेश्वर के रूप में हुई है। लोकेश्वर और भुनेश्वर के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे में घायल 14 मजदूरों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया। घायलों में छत्तीसगढ़ के सुनील दीवान, पेन सिंह और गोविंद, झारखंड के हाबिल गुड़िया, निस्तार भिंगरा, विनोद सावना, दीना बैगरा और खेला राम बिसरा, पंजाब के छब्बा सिंह, हिमाचल प्रदेश के तिलक राज तथा बिहार के चंदन कुमार, अवधेश, नंदलाल और रोहित पांडे शामिल हैं।
गोविंद की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि रोहित पांडे को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। अन्य सभी घायलों का गोपेश्वर जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (THDC) लिमिटेड की निर्माणाधीन परियोजना के दौरान हुई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली के लिए रवाना हुए। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ अधिकारियों से राहत कार्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मजदूर के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।





