
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा): रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने गुरुवार को मिठाई दुकानों एवं कारखानों में सघन जांच अभियान चलाया। डीसी पशुपति नाथ मिश्रा एवं एसडीओ श्री बंशीधर नगर के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएस सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान पूर्णानगर स्थित शिवम् स्वीट्स के कारखाने में 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला एवं 10 किलो परवल मिठाई बरामद हुई। परवल मिठाई में हरे रंग की अधिकता पाये जाने पर दोनों मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। कारखाने में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों ने खोआ मिठाई के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किये।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कारोबारी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही कारखाने को अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
इसी क्रम में न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने में भी भारी गंदगी और जलजमाव पाया गया। यहां 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया तथा छेना का नमूना जांच के लिए लिया गया। संचालक पर भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और कारखाने को सील कर दिया गया। दोनों कारखानों से कुल 220 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई नष्ट कराया गया।
कई प्रतिष्ठानों की हुई जांच
अभियान के दौरान खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने की भी जांच की गई, जहां व्यवस्था मानक के अनुरूप मिली। वहां से रसगुल्ला एवं परवल मिठाई के नमूने लिये गये। इसके अलावा संतोष स्वीट्स, सुमित स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरि स्वीट्स एवं अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया।
अनिकेत पैलेस में खराब पनीर मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं शिवम् स्वीट्स से मिठाई का सीरा साफ करने में इस्तेमाल होने वाला इंडस्ट्रियल हाइड्रा जब्त किया गया।
अधिकारियों ने मिठाई कारोबारियों को बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार नहीं करने, मिठाइयों को ढंककर रखने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा।
मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।







