
रांची: हटिया के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर रोड नंबर-2 के दिव्या एन्क्लेव में सोमवार को 28 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान मीनू कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह परिवार के लोग मीनू के घर पहुंचे थे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर मीनू मृत अवस्था में मिली। इसके बाद घटना की सूचना जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
मृतका के भाई सुबोध कांत ने पुलिस को बताया कि मीनू के पति गौरव कुमार ठेकेदारी का काम करते हैं। करीब दो दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद गौरव बच्चों को लेकर पटना चले गए थे। इसके बाद से मीनू घर में अकेली रह रही थी।
भाई ने आशंका जताई है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद मीनू ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
भाई के आवेदन पर मामला दर्ज, जांच शुरू
मृतका के माता-पिता और भाई सिंह मोड़ इलाके में रहते हैं। मृतका का भाई सुबोध कांत हाई कोर्ट में कार्यरत बताया गया है। पुलिस ने भाई के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जगन्नाथपुर थाना पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत से पहले किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।




