---Advertisement---

टॉफी चबाते ही 3 साल की बच्ची के मुंह में हुआ विस्फोट, जबड़ा और गाल फटा; जानें कैसे हुआ हादसा

On: February 4, 2026 11:19 AM
---Advertisement---

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बास गांव में तीन साल की एक मासूम बच्ची ने टॉफी समझकर ऐसा विस्फोटक चबा लिया, जिससे उसके मुंह और जबड़े के चीथड़े उड़ गए। बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, तीन वर्षीय अक्शु, जो अपनी बड़ी बहन के साथ गांव की ही एक किराना दुकान पर टॉफी लेने गई थी। परिजनों का आरोप है कि दुकान संचालक ने बच्चियों को टॉफी की जगह बारूद से भरा पटाखेनुमा विस्फोटक थमा दिया। मासूम अक्शु ने जैसे ही उसे टॉफी समझकर मुंह में डाला और चबाया, अचानक तेज धमाका हो गया।


विस्फोट इतना भीषण था कि बच्ची का जबड़ा और गाल बुरी तरह फट गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। खून से लथपथ बच्ची मौके पर ही गिर पड़ी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए बच्ची को अलवर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल आपातकालीन ऑपरेशन किया।


डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची का ऑपरेशन सफल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर उसे अभी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।


इस दर्दनाक घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है। रामगढ़ थाने में दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किराना दुकान में इस तरह का विस्फोटक आखिर कैसे और किस उद्देश्य से रखा गया था। पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now