रांची

रांची: ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष पर भाजपा किसान मोर्चा ने किया सामूहिक गान, दिया देशभक्ति का संदेश

रांची: देश के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारत सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश के 150 प्रमुख स्थलों पर गौरवपूर्ण ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा झारखंड ने 7 नवंबर (शुक्रवार) को प्रदेश कार्यालय, रांची में इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक साथ स्वर मिलाकर वंदे मातरम गीत गाया और देशभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि “देश के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा 7 नवंबर को पूरे देशभर में उत्सव मनाया जा रहा है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर इसे उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।”

उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 1875 को महान साहित्यकार और स्वतंत्रता सेनानी बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने इस अमर गीत की रचना की थी, जिसे 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार गाया था। यह गीत मात्र एक स्वर नहीं, बल्कि ब्रिटिश शासन के विरुद्ध एक सशक्त आवाज थी।

1905 के बंग-भंग आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता संग्राम के प्रत्येक चरण में वंदे मातरम ने देशवासियों के हृदय में जोश, एकता और देशभक्ति का संचार किया। सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक जैसे महान क्रांतिकारियों ने इसे अपनी प्रेरणा का मंत्र माना।

पवन साहू ने कहा कि 1950 में डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने वंदे मातरम को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्रदान किया। यह गीत भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणास्रोत रहा है और आज भी करोड़ों भारतीयों के हृदय में देशभक्ति की भावना जगाता है।

उन्होंने बताया कि झारखंड के पांच प्रमुख स्थलों सहित देशभर के 150 स्थानों पर एक साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।

पवन साहू ने कहा कि “वंदे मातरम राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश देता है।” उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि समय-समय पर उसने राजनीतिक कारणों से इस गीत के भावार्थ और स्वीकृति पर प्रश्न उठाए। उन्होंने कहा कि “यह गीत हमारी जननी की वंदना है, किसी धर्म-विशेष से नहीं जुड़ा, बल्कि पूरे राष्ट्र की पहचान है।”

कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अजय दुबे, अरविंद खुराना, महामंत्री अजय मुंडा, कार्यालय मंत्री सज्जन कुमार पंकज, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील कुमार सिंह, सफदर अली, कार्यक्रम प्रभारी अवधेश दुबे, ग्रामीण अध्यक्ष पशुपति नाथ शाहदेव, सह कार्यालय मंत्री बृंद कुमार, जितेंद्र सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को अविस्मरणीय बना दिया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

WhatsApp
Copy link
URL has been copied successfully!