रांची

रांची: गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को प्रशासन सख्त, समयबद्ध होम डिलीवरी के निर्देश

ख़बर को शेयर करें

रांची: घरेलू गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर बुधवार (18 मार्च) को जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में गैस वितरण प्रणाली, उपभोक्ताओं की शिकायतों और आपूर्ति में आ रही बाधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

समय पर गैस आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी गैस कंपनियों और वितरकों को निर्देश दिया गया कि हर उपभोक्ता तक समयबद्ध और सुचारु होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

लंबित बुकिंग जल्द करें पूरी

उपायुक्त ने इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे लंबित बुकिंग को शीघ्र निष्पादित करें और बैकलॉग खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाएं। आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं, खासकर इंडेन गैस उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस बुकिंग या डिलीवरी के लिए अनावश्यक रूप से एजेंसी कार्यालयों में भीड़ न लगाएं। होम डिलीवरी की सुविधा का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए HPCL और BPCL के 5 लीटर छोटे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता अपने उपभोक्ता कार्ड के साथ इन सिलेंडरों को प्राप्त कर सकते हैं। एजेंसियों को इनका पारदर्शी रिकॉर्ड रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

आसान बुकिंग के कई विकल्प

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस कंपनियों ने IVR, मिस्ड कॉल और ऑनलाइन/वेब माध्यम से बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है। प्रशासन ने लोगों से इन डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग करने का आग्रह किया है, ताकि प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी रहे।

कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती

उपायुक्त ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। किसी भी अनियमितता में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों, मध्यान्ह भोजन योजनाओं, अस्पतालों और अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी स्थानों पर गैस की आपूर्ति फिलहाल सुचारु रूप से जारी है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा, ‘घरेलू गैस आमजन की बुनियादी आवश्यकता है। इसकी आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है। सभी विभाग और एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो।’

बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर एवं बुंडू), विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और गैस एजेंसियों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।