---Advertisement---

रांची में ड्रग तस्करी का भंडाफोड़: वकालत का छात्र गिरफ्तार, स्पीड पोस्ट से मंगाता था चरस

On: March 18, 2026 10:57 PM
---Advertisement---

रांची: रांची पुलिस ने शहर में चल रहे मादक पदार्थ तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित जतरा मैदान के पास की गई, जहां से आरोपी के पास से करीब दो लाख रुपये मूल्य का चरस बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेदांत नाथ शाहदेव (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरी रोड का निवासी है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी में लॉ (वकालत) का छात्र बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

मंगलवार देर रात रांची के एसएसपी को सूचना मिली थी कि जतरा मैदान इलाके में मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने मौके के आसपास निगरानी शुरू की।
इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में वहां पहुंचा और पुलिस को देखते ही भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

तलाशी में मिला चरस

पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे के अंदर कागज में लिपटा पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट मिला, जिसमें 10.92 ग्राम चरस रखा हुआ था। इसके अलावा ‘Cali Honey’ लिखा हुआ इनहेलर भी जब्त किया गया।

फर्जी नाम-पते से मंगवाता था ड्रग्स

पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह फर्जी नाम और पते का इस्तेमाल कर स्पीड पोस्ट के जरिए मादक पदार्थ मंगवाता था। पार्सल मिलने के बाद वह रांची के अलग-अलग इलाकों में इसे ऊंची कीमत पर बेचता था।

इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 89/26, दिनांक 17 मार्च 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ड्रग्स सप्लाई करने वाले और खरीददारों के बारे में भी जानकारी दी है। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और सत्यापन में जुटी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें