बीजापुर: छत्तीसगढ़ में बीजापुर-दंतेवाड़ा बार्डर पर पश्चिम बस्तर डिवीजन के नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन बुधवार को भी जारी रहा। मंगलवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ लगातार दूसरे दिन तक खिंच गई और अब तक 18 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
वेल्ला की टीम पर बड़ी कार्रवाई
बुधवार सुबह PLGA कंपनी क्रमांक 02 का कमांडर और कुख्यात माओवादी कैडर DVCM मोडियामी वेल्ला की टीम से सुरक्षा बलों की भिड़ंत हुई। दिनभर चले ऑपरेशन में जवानों ने वेल्ला सहित 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मोडियामी वेल्ला 8 लाख रुपये का इनामी था। इस दौरान डीआरजी के तीन जवान प्रधान आरक्षक मोनू बड़डी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शहीद हो गए। शाम होते-होते मौके पर भेजी गई बैकअप टीम ने इलाके को घेरकर ऑपरेशन आगे बढ़ाया। रातभर चली कार्रवाई में छह और नक्सली मार गिराए गए, जिसके बाद कुल संख्या 18 हो गई।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
घटनास्थल पर मारे गए नक्सलियों के पास से AK-47, SLR, INSAS, LMG, .303 रायफल सहित बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है। जवान इन हथियारों को कब्जे में लेकर मुख्यालय लौटा रहे हैं। मारे गए नक्सलियों की औपचारिक शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
शहीदों को अंतिम सलामी
बीजापुर–गंगालूर मार्ग स्थित पुलिस लाइन के शहीद वाटिका परिसर में तीनों वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। दो घायल जवानों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ऑपरेशन अभी जारी
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि इलाके की सर्चिंग अब भी जारी है। अतिरिक्त रीइन्फोर्समेंट टीमें भेजी गई हैं और सुरक्षा बलों की संख्या पर्याप्त है। क्षेत्र को पूरी तरह कॉर्डन किया गया है और ऑपरेशन पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारी इस बात की संभावना जता रहे हैं कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि बड़ी संख्या में माओवादी घिरे हुए हैं। ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
बीजापुर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 8 लाख का इनामी कुख्यात कमांडर मोडियामी वेल्ला समेत 18 नक्सली ढेर, DRG के 3 जवान शहीद, भारी मात्रा में हथियार बरामद














