रामगढ़: थाना क्षेत्र अंतर्गत चूटूपालू घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ की ओर आ रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे कई वाहनों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। इस दुर्घटना में एक बाइक समेत कुल पांच वाहन उसकी चपेट में आ गए, जिससे दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर में लोहे की छड़ें लदी हुई थीं। घाटी में उतरते समय अचानक ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बेकाबू ट्रेलर ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर एक के बाद एक इनोवा, बोलेरो, हुंडई आई-10 और फॉर्च्यूनर गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल और आसपास के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सुरक्षा को देखते हुए चूटूपालू घाटी के एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे लेन से यातायात को नियंत्रित तरीके से चालू रखा गया। पुलिस और प्रशासन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए घाटी में लंबा जाम लग गया था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। प्रशासन ने घाटी मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रेलर ने कई वाहनों को रौंदा, एक दर्जनभर से अधिक लोग घायल














