{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1,"remove":2},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
रामगढ़: जिले की चूटूपालू घाटी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर घाटी में भीषण दुर्घटना हुई। रांची से हजारीबाग की ओर जा रहा सरिया लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेलर में सवार ड्राइवर और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस, रेस्क्यू टीम और NHAI की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रेलर काफी गहरे गड्ढे में गिरा है, जिसके कारण उसे बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
गड्ढे में दबा ट्रेलर, अंदर फंसे हैं दोनों शव
हादसे के बाद ट्रेलर गहरे गड्ढे में जाकर बुरी तरह फंस गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर और खलासी के शव अभी भी ट्रेलर के अंदर दबे हुए हैं। टीम भारी मशक्कत के साथ पहले ट्रेलर को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की कोशिश कर रही है, ताकि दोनों शवों को बाहर निकाला जा सके।
खबर लिखे जाने तक मृतक ड्राइवर और खलासी की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ट्रेलर पर दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए वाहन मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल वाहन मालिक की ओर से फोन रिसीव नहीं किया जा रहा है। ऐसे में मृतकों की पहचान पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हुआ ट्रेलर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर का ब्रेक फेल होने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद वह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। हालांकि, हादसे की पूरी वजह पुलिस की जांच और घटनास्थल की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। NHAI और रेस्क्यू टीम की ओर से ट्रेलर को गड्ढे से बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है। हादसे के कारण घाटी में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
दो दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
चूटूपालू घाटी में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब महज दो दिन पहले ही यहां एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी। रामगढ़ के डीएसपी का परिवार रांची से रामगढ़ आ रहा था। इसी दौरान घाटी में हुए हादसे में डीएसपी की मौसी की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के चार लोग घायल हुए थे। इससे पहले भी चूटूपालू घाटी में सड़क दुर्घटना में एक वकील की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे हादसों ने घाटी में सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
लगातार हादसों से सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
चूटूपालू घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि घाटी में यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच अब चूटूपालू घाटी की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।







