रांची: रविवार (28 दिसंबर 2025) को अरगोड़ा तालाब के निकट स्थित लेक गार्डन मैरेज हॉल में झारखंड मिथिला मंच द्वारा आयोजित कैलेंडर सह पंचांग विमोचन एवं पारिवारिक मिलन समारोह का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंच द्वारा प्रकाशित कैलेंडर एवं पंचांग का विधिवत विमोचन माननीय रक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री संजय सेठ, पूर्व विधायक रांची श्री सी.पी. सिंह, हटिया विधायक श्री नवीन जायसवाल, श्री श्रीपाल झा, श्री आर.सी. चौधरी, श्री अवध किशोर झा, श्री संतोष झा, श्री मनोज मिश्र, श्री सतीश झा एवं श्री सर्वजीत चौधरी के करकमलों से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मंच के अनेक गणमान्य सदस्य एवं मिथिला समाज के लगभग 1200 से अधिक लोग उपस्थित रहे। कैलेंडर विमोचन के उपरांत आयोजित पारिवारिक मिलन समारोह में उपस्थित जनसमूह ने पारंपरिक मछली-भात एवं शाकाहारी व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। सामाजिक सौहार्द एवं आपसी आत्मीयता से परिपूर्ण इस आयोजन ने मिथिला संस्कृति की समृद्ध परंपरा को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत श्री सियाराम झा ‘सरस’ एवं डॉ. कृष्णमोहन झा ‘मोहन’ ने काव्य पाठ कर मैथिली साहित्य की अनुपम छटा बिखेरी। इसके पश्चात प्रख्यात गायक श्री पंकज झा एवं सुश्री स्निग्धा द्वारा प्रस्तुत विद्यापति गीतों एवं पारंपरिक गायन ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रोता भाव-विभोर होकर गायन का आनंद लेते रहे।
आयोजकों द्वारा इस अवसर पर 1200 से अधिक कैलेंडर एवं पंचांग मिथिला भाषाभाषियों के बीच वितरित किए गए। मंच की ओर से यह भी अनुरोध किया गया कि जिन्हें अभी तक कैलेंडर या पंचांग प्राप्त नहीं हो सका है, वे झारखंड मिथिला मंच कार्यालय से संपर्क कर इसे प्राप्त कर सकते हैं।
इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में जानकी प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता झा, सचिव निशा झा, कोषाध्यक्ष उषा झा, सचिन्द्र मोहन झा, श्री सुनील झा, श्री संजीत झा, श्री संतोष मिश्र, श्री भवानंद झा, श्री चंद्रकांत झा, श्री पंकज झा, श्री नीरज चौधरी सहित मंच से जुड़े अनेक सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
झारखंड मिथिला मंच ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं मिथिला समाज के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।














