---Advertisement---

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से मिले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, बोले- झारखंड में लागू होगा हैदराबाद का हेल्थ मॉडल

On: January 12, 2026 10:30 PM
---Advertisement---

हैदराबाद/रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग और निवेश की व्यापक संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद जारी प्रेस नोट में स्वास्थ्य मंत्री ने इसे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया।


डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हैदराबाद के उन्नत स्वास्थ्य मॉडल को झारखंड में लागू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद आज देश का प्रमुख मेडिकल हब बन चुका है और उसी सफल मॉडल को अपनाकर झारखंड के मरीजों को उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।


स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि हैदराबाद स्थित एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (AIG) अस्पताल सहित कई प्रतिष्ठित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल समूहों के साथ शीघ्र ही एमओयू किया जाएगा। एमओयू के बाद झारखंड में दिल की गंभीर बीमारियों के इलाज की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे राज्य के मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी से निजात मिलेगी।


डॉ. अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से हुई बातचीत में झारखंड में मेडिको सिटी की स्थापना और बड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को आमंत्रित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि झारखंड सरकार जमीन, बिजली, पानी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराती है तो तेलंगाना के प्रमुख मेडिकल समूह झारखंड में निवेश के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड को स्वास्थ्य के पैरों पर खड़ा करना राज्य सरकार का संकल्प है। हैदराबाद मॉडल को अपनाने की यह पहल उसी दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम है, जिससे आने वाले समय में झारखंड न केवल अपने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दे सकेगा, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश का नया केंद्र भी बन सकता है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now