---Advertisement---

37 साल बाद सिनेमाघरों में दस्तक देगी मल्टी-स्टारर फिल्म ‘हम में शहंशाह कौन’

On: January 24, 2026 2:25 PM
---Advertisement---

मुंबई: दशकों की लंबी प्रतीक्षा अब खत्म होने जा रही है। सुपरस्टार रजनीकांत और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी बहुप्रतीक्षित मल्टी-स्टारर फिल्म ‘हम में शहंशाह कौन’ आखिरकार 37 साल बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। यह फिल्म न सिर्फ अपने सितारों के कारण, बल्कि अपनी असाधारण यात्रा और संघर्षों के कारण भी चर्चा में है। फिल्म में रजनीकांत और शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा हेमा मालिनी, अनीता राज, प्रेम चोपड़ा, शरद सक्सेना, दिवंगत अमरीश पुरी और जगदीप जैसे नामचीन कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


फिल्म का निर्देशन दिवंगत हरमेश मल्होत्रा ने किया था। इसके दमदार संवाद सलीम–फैज, संगीत लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल, गीत आनंद बख्शी और कोरियोग्राफी सरोज खान ने दी थी। यह फिल्म राजा रॉय फिल्म्स के बैनर तले बनी है और इसे रेक्स म्यूजिक एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहा है।


हालांकि फिल्म की पूरी शूटिंग वर्षों पहले ही पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसे कभी सेंसर सर्टिफिकेशन के लिए प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसकी वजह प्रोड्यूसर राजा रॉय की निजी जिंदगी में आई गंभीर परेशानियां रहीं। शूटिंग के बाद वे व्यापारिक कारणों से लंदन गए, जहां उनके छोटे बेटे का आकस्मिक निधन हो गया। इस गहरे सदमे ने फिल्म की रिलीज प्रक्रिया को रोक दिया। बाद में निर्देशक हरमेश मल्होत्रा के असामयिक निधन से यह प्रोजेक्ट और भी पीछे चला गया।


लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। वर्षों बाद असलम मिर्जा और शबाना मिर्जा ने इस अधूरे सपने को पूरा करने का फैसला लिया। आधुनिक तकनीक की मदद से फिल्म को नए सिरे से संवारा गया। एआई टेक्नोलॉजी के जरिए 4K रीमास्टरिंग और 5.1 सराउंड साउंड मास्टरिंग की गई है, ताकि दर्शकों को बेहतरीन सिनेमैटिक अनुभव मिल सके। खास बात यह है कि तकनीक का इस्तेमाल केवल विजुअल और ऑडियो क्वालिटी सुधारने तक सीमित रखा गया है, जिससे फिल्म की मूल आत्मा, कहानी और अभिनय बरकरार रहे।


एसोसिएट प्रोड्यूसर राजा रॉय ने कहा, ‘हमने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। यह फिल्म दुख, रुकावटों और लंबी खामोशी से गुजरी है। आज इसे दर्शकों तक पहुंचते देखना किसी सपने के सच होने जैसा है।’


उन्होंने आगे बताया कि ‘हम में शहंशाह कौन’ एक एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसमें मजबूत रिवेंज स्टोरी देखने को मिलेगी। दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का सहारा लिया गया है। असलम मिर्जा ने कहा कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बेहद संयम से किया गया है। हमारा मकसद फिल्म को दोबारा बनाना नहीं, बल्कि उसकी विरासत को सुरक्षित रखना था। यह एक अनरिलीज्ड क्लासिक है, जिसे आधुनिक दर्शकों के लिए बहाल किया गया है, लेकिन इसका पुराना जादू पूरी तरह कायम है।


फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और इसके बाद ओटीटी सहित अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध होगी। यह फिल्म दर्शकों को 80-90 के दशक के बॉलीवुड की याद दिलाएगी, जहां बड़े सितारे, यादगार संगीत, दमदार एक्शन और भरपूर ड्रामा हुआ करता था।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now