मझिआंव: शनिवार (24 जनवरी) को आर.के. पब्लिक स्कूल, उंचरी, मझिआंव में एफए-4 एवं प्री-बोर्ड-2 परीक्षा के परिणामों को लेकर अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं संरक्षक अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ उपस्थित हुए तथा अपने बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन पर शिक्षकों से विस्तार से चर्चा की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री के. आर. झा ने परीक्षा परिणाम घोषित किए तथा सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं संरक्षकों को बधाई दी। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए उनकी उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह उनके बच्चों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
प्रधानाचार्य ने अभिभावकों को सुझाव दिया कि वे बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं, उनकी संगति पर ध्यान दें, उन्हें पौष्टिक आहार प्रदान करें, मोबाइल फोन के उपयोग को सीमित रखें, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी जैसे मैदान में खेले जाने वाले खेलों के लिए प्रेरित करें, ताकि उनका शारीरिक विकास हो सके और उन्हें समय पर गृहकार्य एवं स्वाध्याय करने की आदत डालें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के अध्यक्ष, प्रख्यात शिक्षाविद एवं लोकप्रिय समाजसेवी श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में सभी विद्यार्थियों को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि सभी छात्र वार्षिक परीक्षा एवं कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करेंगे और विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करेंगे।














