गुमला: किशोरी मोहन लाल साहु सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कैम्बा–टेंगरिया में शुक्रवार (23 जनवरी) को विधिवत रूप से माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुई। पूजा कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र संयोजक आदित्य प्रसाद एवं मुकेश सिंह के नेतृत्व में पूर्व छात्रों की टीम द्वारा विद्यालय प्रांगण में प्रस्तावित शिशु वाटिका उद्यान निर्माण हेतु भूमि पूजन भी विधिवत रूप से किया गया। यह पहल विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं बच्चों में प्रकृति प्रेम को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष प्रेमचन्द उराँव, कोषाध्यक्ष प्रमोद साहु, उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद, कुँवर प्रसाद, कैलास प्रसाद सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य किशन कुमार, सभी आचार्य एवं दीदी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बताया गया कि शिशु वाटिका उद्यान का भव्य शुभारंभ आगामी 4 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति विद्यालय प्रबंधन द्वारा आभार व्यक्त किया गया।














