
गुमला: जिले के भरनो प्रखंड में बुधवार की सुबह जंगली हाथी ने एक वृद्ध ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। हादसा मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली में सुबह करीब पांच बजे हुआ। मृतक की पहचान 65 वर्षीय शनि उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनि उरांव बुधवार अहले सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना वहां मौजूद एक जंगली हाथी से हो गया। अचानक सामने आए हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण शनि उरांव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गई। ग्रामीणों में हाथी के आबादी वाले इलाके के आसपास घूमने को लेकर भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और संभावित खतरे को देखते हुए गांव के लोगों को समय रहते सतर्क करने की मांग की है। साथ ही हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है।
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।







