
गुमला: जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान भादो केरकेट्टा की मौत हो गई। सेमरा जंगल मरदा नदी के पास स्कूटी और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में BSF जवान की पत्नी उर्मिला केरकेट्टा समेत कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
15 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे
जानकारी के मुताबिक, भादो केरकेट्टा करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। बुधवार को वह स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान सेमरा जंगल के पास सामने से आ रही कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भादो केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार सवार परिवार भी घायल
हादसे में कार सवार लक्ष्मण उरांव, उनकी पत्नी रेणु उरांव और उनकी एक वर्षीय बेटी घायल हो गई। BSF जवान की पत्नी उर्मिला केरकेट्टा को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और कार को जब्त कर लिया है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






