गुमला: जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती देर रात चैनपुर थाना क्षेत्र के भठोली गांव में एक वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने महिला पर पहले जमकर हमला किया और फिर सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान 65 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। परिजनों ने इस हत्या को अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जोड़ते हुए डायन-बिसाही का मामला होने की आशंका जताई है। वहीं, परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ करते हुए जांच में जुट गई है।
रिश्तेदार के दशकर्म से लौटते वक्त हुई वारदात
मृतका के पुत्र ने बताया कि उनकी मां पकरी टोली में एक रिश्तेदार के दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां से लौटने के बाद वे अपनी बेटी से मिलने के लिए उसी गांव के दूसरे टोली की ओर निकली थीं। इसी दौरान सुनसान रास्ते में अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
मारपीट के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या
घटनास्थल पर महिला का दाहिना हाथ टूटा हुआ पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या से पहले उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। इसके बाद हमलावरों ने पत्थर से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में तनाव
सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।














