---Advertisement---

भवनाथपुर: आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटान, वन विभाग ने एक तस्कर को पकड़ा

On: January 30, 2026 10:27 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

भवनाथपुर(गढ़वा): वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर जिका बुचकम एवं कैलान सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी की बल्लियों को जब्त किया गया, वहीं एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केतार थाना क्षेत्र के मुटंगवा गांव निवासी मोहन भुईयां के रूप में की गई है।

यह कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) प्रमोद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई। रेंजर ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने छापेमारी की, जहां आरोपी अपने साथियों के साथ अवैध रूप से लकड़ी काटते हुए पकड़ा गया। वन विभाग की सतर्कता के कारण आरोपी को भागने का कोई मौका नहीं मिला।

छापेमारी के दौरान अवैध रूप से काटी गई विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी की बल्लियों को जब्त कर रेंज कार्यालय भवनाथपुर लाया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी में संलिप्त था। इस संबंध में वन विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रेंजर प्रमोद कुमार ठाकुर ने कहा कि जंगलों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इस तरह की गतिविधियां न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को भी भारी नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

छापेमारी दल में दयाशंकर सिंह, ओमप्रकाश उरांव, सुनील राय, सचित कच्छप एवं निशांत कुमार (पप्पू) शामिल थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now