
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित एक मोबाइल शोरूम में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे युवक ने चाकू की नोक और ‘बम धमाके’ की धमकी देकर लूटपाट की कोशिश की। हालांकि, दुकान संचालक और कर्मचारियों की सूझबूझ से युवक की यह शातिराना साजिश नाकाम हो गई।
चाकू तानकर बोला— ‘बैग में बम है, सब खाली करो’
जानकारी के अनुसार, डिमना चौक के सामने स्थित नितिन मित्तल के ‘एरिक्संस मोबाइल स्टोर’ में सोमवार की शाम एक युवक अचानक भीतर दाखिल हुआ। उसने हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए दुकान में मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। युवक ने मोबाइल फोन और नकदी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई, तो वह अपने बैग में रखे बम से पूरी दुकान को उड़ा देगा। इसी दौरान उसके बैग से लगातार ‘बीप-बीप’ की आवाज भी आ रही थी, जिससे मौके पर दहशत फैल गई।
स्पीकर से निकाली जा रही थी ‘बीप’ की आवाज
धमकी और खौफ के बीच दुकान मालिक नितिन मित्तल और कर्मचारियों ने संयम नहीं खोया। मौका पाते ही उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए युवक को घेरकर पकड़ लिया। जब उसके संदिग्ध बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें किसी विस्फोटक के बजाय एक ब्लूटूथ स्पीकर निकला। युवक ने दहशत फैलाने के लिए स्पीकर को अपने मोबाइल फोन से कनेक्ट कर रखा था, जिसमें टाइमर या बम जैसी ‘बीप’ की आवाज बज रही थी।
पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से चाकू और स्पीकर को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक से थाने में गहन पूछताछ की जा रही है कि उसने यह हरकत अकेले की थी या इसके पीछे किसी अन्य गिरोह की योजना थी।





