---Advertisement---

महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनीं सुनेत्रा पवार, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

On: January 31, 2026 5:41 PM
---Advertisement---

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शाम 5 बजे महाराष्ट्र लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुनेत्रा के शपथ पूरा करते ही लोकभवन में अजित पवार अमर रहे और अजित दादा अमर रहे के नारे लगने लगे।


शपथ के साथ ही सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं, जिससे राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है।


समारोह में मौजूद रहे दिग्गज नेता


इस अहम मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे सहित पार्टी के अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने समारोह को राजनीतिक रूप से खास बना दिया।
हालांकि, इस दौरान एनसीपी के वरिष्ठ नेता शरद पवार की गैरमौजूदगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही।


विधायक दल ने चुना नेता


गौरतलब है कि इससे पहले अजित पवार गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की विधायक दल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया।


अजित पवार के निधन के बाद खाली हुआ था पद


उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी और डिप्टी सीएम का पद रिक्त हो गया था। उसी रिक्त पद को भरते हुए अब सुनेत्रा पवार ने यह जिम्मेदारी संभाली है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now