---Advertisement---

चाईबासा में केंद्रीय जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई के ठिकानों पर छापेमारी

On: January 31, 2026 7:22 PM
---Advertisement---

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के भाई विनय ठाकुर से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इनपुट मिलने के बाद की गई है, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।


सूत्रों के अनुसार, विनय ठाकुर ‘सत्यम बिल्डर्स’ नामक निर्माण कंपनी के संचालक हैं। केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम दो चारपहिया वाहनों में सवार होकर उनके आवास पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम द्वारा कंपनी के वित्तीय लेन-देन, जीएसटी रिटर्न, टैक्स भुगतान की स्थिति और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।


बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने कई अहम कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले हैं। छापेमारी की कार्रवाई काफी देर तक चलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जांच से जुड़े अधिकारी फिलहाल मीडिया के सवालों से बचते नजर आए और किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है।


पूर्व मंत्री के परिवार से जुड़े मामले के सामने आते ही राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


फिलहाल केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी हुई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now