नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज अपना 9वां बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए आम आदमी, करदाताओं, महिलाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई अहम ऐलान किए।
7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
वित्त मंत्री ने देश में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। बजट प्रस्तावों के अनुसार, इन कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन की तर्ज पर हाई-स्पीड ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जिनकी गति 250-320 किमी/घंटा तक हो सकती है।
1. मुंबई – पुणे
2. दिल्ली – वाराणसी
3. हैदराबाद – बेंगलुरु
4. बेंगलुरु – चेन्नई
5. दिल्ली – अहमदाबाद
6. मुंबई – नागपुर
7. हावड़ा – वाराणसी
इन परियोजनाओं से न केवल यात्रा समय कम होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके साथ ही देश में सी-प्लेन निर्माण और उससे जुड़ी कंपनियों को समर्थन देने की भी घोषणा की गई।
कैंसर की 17 दवाएं हुई सस्ती
स्वास्थ्य के मोर्चे पर बड़ा फैसला लेते हुए वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि कैंसर की 17 जरूरी दवाओं पर कस्टम ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। इससे इलाज की लागत कम होगी और मरीजों को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा देश में 3 आयुर्वेदिक एम्स (AIIMS) स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए 5 मेडिकल हब भी बनेंगे।
क्या हुआ सस्ता?
बजट 2026 में लेदर, कपड़ा, विदेशी यात्रा, माइक्रोवेव ओवन, जूते, सोलर एनर्जी से संबंधित चीजें, एयरक्राफ्ट निर्माण से जुड़ी चीजें, EV बैटरी, शुगर की दवाएं, चमड़े और कपड़े का निर्यात, बायोगैस मिक्स्ड CNG सस्ती होंगी।
क्या हुआ महंगा?
बजट 2026 में मिनरल्स, स्क्रैप, शराब महंगे हुए हैं।
SHE मार्ट्स की शुरुआत
महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए सरकार SHE (Self-Help Entrepreneur) मार्ट्स शुरू करेगी। ये कम्युनिटी-स्वामित्व वाली रिटेल दुकानें होंगी, जहां महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का सीधा प्लेटफॉर्म मिलेगा।
हर जिले में बनेगा गर्ल्स हॉस्टल
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि देश के प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा, जिससे छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सके।
रक्षा मंत्रालय को क्या मिला?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रक्षा मंत्रालय को 2026-27 के लिए 7.8 लाख करोड़ रुपये का बजट दिया है। इनमें से 2.1 लाख करोड़ रुपये सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए हैं।
‘खेलो इंडिया’ मिशन
खेल क्षेत्र में बदलाव लाने के उद्देश्य से वित्त मंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ मिशन की घोषणा की। इसका मकसद जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को पहचान और सुविधाएं देना है।
विदेश यात्रा और पढ़ाई सस्ती
विदेश यात्रा करने वालों के लिए राहत की खबर है। विदेशी टूर पैकेज पर TCS को 5–20% से घटाकर 2% कर दिया गया है। अब कोई न्यूनतम राशि की शर्त नहीं होगी। विदेश में पढ़ाई पर टैक्स 5% से घटाकर 2% कर दिया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े खर्चों पर TCS 5% से घटकर 3% कर दिया गया है।
इनकम टैक्स में राहत, लेकिन स्लैब में बदलाव नहीं
वित्त मंत्री ने साफ किया कि इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि टैक्सपेयर्स को राहत देते हुए कई बड़े सुधारों की घोषणा हुई
• इनकम टैक्स फॉर्म को सरल बनाया जाएगा
• 1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स कानून लागू होगा
• तकनीकी खामियों को अपराध नहीं माना जाएगा, अब सजा की जगह जुर्माना लगेगा
• छोटे टैक्स अपराधों में सिर्फ जुर्माना लगाया जाएगा
• इनकम छिपाने पर जेल नहीं, बल्कि 30% टैक्स लगेगा
ITR फाइलिंग होगी आसान
सरकार ने टैक्सपेयर्स की कैटेगरी के अनुसार ITR फाइल करने की अलग-अलग डेडलाइन तय करने का फैसला किया है। ITR-1 और ITR-2 भरने वालों के लिए अंतिम तारीख 31 जुलाई होगी। इससे आखिरी समय में पोर्टल पर लोड और तकनीकी समस्याओं से राहत मिलेगी।
NRI संपत्ति बिक्री पर नया नियम
अब NRI द्वारा अचल संपत्ति की बिक्री पर TDS निवासी खरीदार द्वारा काटा जाएगा, जबकि पहले इसके लिए TAN लेना जरूरी होता था। इससे प्रक्रिया आसान होगी।
बायोफार्मा सेक्टर के लिए अगले पांच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे बायोलॉजिक और बायोसिमिलर उत्पादों का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा। सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 भी लॉन्च किया जाएगा, जिसके लिए 40 हजार करोड़ रुपये दिए गए।
आम आदमी की जेब को राहत
कुल मिलाकर बजट 2026 आम आदमी की सहूलियत, टैक्स सिस्टम की सरलता और डिजिटल फाइलिंग को बढ़ावा देने वाला नजर आता है। विदेश यात्रा सस्ती होने से टूरिज्म सेक्टर को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है, वहीं नया इनकम टैक्स कानून करदाताओं के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाएगा। आम लोगों को लिए सबसे बड़ी और राहत की खबर ये है कि चमड़े का जूता और कपड़ा निर्यात सस्ता हुआ है।
बजट 2026 की बड़ी बातें एक नजर में
• 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
• 3 आयुर्वेदिक एम्स
• कैंसर की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी खत्म
• विदेश यात्रा और पढ़ाई पर टैक्स में कटौती
• नया इनकम टैक्स एक्ट और आसान ITR सिस्टम
• महिलाओं, खेल और टूरिज्म सेक्टर पर खास फोकस













