झारखंड वार्ता संवाददाता
रमना(गढ़वा): रमना–बुल्का मुख्य मार्ग पर जिरुआ जलाशय के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान गम्हरिया निवासी स्वर्गीय सीताराम राम के 25 वर्षीय पुत्र सुनील राम के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में घायल युवकों में रमना निवासी ब्रह्मदेव विश्वकर्मा के पुत्र आकाश कुमार विश्वकर्मा तथा गम्हरिया निवासी रघुनाथ राम के पुत्र पुरुषोत्तम राम शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक कार से बुल्का की ओर से रमना की दिशा में आ रहे थे। इसी दौरान जिरुआ जलाशय के समीप कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सुनील राम की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक का अंतिम संस्कार रविवार को गम्हरिया स्थित स्थानीय नदी के तट पर कर दिया गया।
वहीं दोनों घायलों का इलाज रांची स्थित रिम्स में जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा मृतक के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। मौके पर मुन्ना पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
गढ़वा: अनियंत्रित होकर पुल से टकराई कार, एक युवक की मौत; दो गंभीर घायल














