बोकारो: बोकारो पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जरीडीह थाना क्षेत्र से तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 433 कार्टून अवैध विदेशी शराब (करीब 4000 लीटर), एक ट्रक, एक टेम्पू, एक पिकअप वाहन, एक क्रेटा कार और 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई जरीडीह थाना अंतर्गत शुगर एंड स्पाईस होटल के पास स्थित गली में की गई, जहां से शराब की खरीद-बिक्री और सप्लाई का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है, जिसे छोटे-छोटे वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। छापेमारी दल ने जैनामोड़ फोरलेन चौक से आगे एक होटल के पास गली में दबिश दी, जहां अवैध शराब से लदा ट्रक और अन्य वाहन पकड़े गए। मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ नकदी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलेश्वर मरांडी, विनोद गोस्वामी (स्वामी) और दीपक पांडेय के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त बालीडीह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विनोद गोस्वामी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ पहले भी एक्साइज विभाग से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ लगाम लगाने के निर्देश दिए गए हैं।














