---Advertisement---

रूस के मेडिकल कॉलेज में चाकूबाजी, 4 भारतीय छात्र समेत 8 घायल

On: February 8, 2026 10:39 AM
---Advertisement---

मास्को: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफ़ा से भारतीय छात्रों को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। ऊफ़ा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक किशोर द्वारा किए गए चाकू हमले में चार भारतीय मेडिकल छात्र घायल हो गए। इस हमले में कुल छह छात्र जख्मी हुए हैं।

रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर चाकू लेकर यूनिवर्सिटी हॉस्टल में घुस गया और छात्रों पर अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों ने बताया कि हमले के बाद हॉस्टल परिसर में हर तरफ खून फैला हुआ था।

चार भारतीय छात्रों को आई चोट

रूसी फेडरल स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमले में घायल चार छात्रों का इलाज जारी है। मंत्रालय के अनुसार, एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस पर भी किया हमला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी किशोर ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए दो पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को काबू में करने के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए, वहीं हमलावर ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया।

आरोपी किशोर को बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

नियो-नाजी संगठन से संबंध की आशंका

रूसी जांच एजेंसियां इस हमले को गंभीरता से ले रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन से हो सकता है। इस एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

भारतीय दूतावास सक्रिय

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और घायल भारतीय छात्रों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।


घटना के बाद भारत में भी चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रूस में पढ़ रहे भारतीय मेडिकल छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की अपील की है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now