NZ vs AFG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-डी के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में दमदार आगाज़ किया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कीवी टीम ने इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप में अपना अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया।
गुलाबदीन नाईब की तूफानी पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। टीम की ओर से गुलाबदीन नाईब ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। नाईब ने 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल थे। उनके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिससे अफगान टीम एक मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की बात करें तो लॉकी फर्ग्यूसन सबसे प्रभावी साबित हुए। उन्होंने अपनी तेज रफ्तार गेंदों से दबाव बनाते हुए 2 अहम विकेट झटके।
टिम साइफर्ट की अगुवाई में न्यूजीलैंड का आक्रामक चेज
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओपनर टिम सिफर्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रनों की तेज तर्रार पारी खेली और टीम को मजबूत आधार दिया। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स ने 42 रन, मार्क चैपमैन ने 28 रन का योगदान दिया। जबकि अंत में डेरिल मिचेल 25 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को जीत की दहलीज पार कराई। न्यूजीलैंड ने लक्ष्य को 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज
यह जीत कई मायनों में खास रही। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले कीवी टीम ने 2021 में अबू धाबी में इंग्लैंड के खिलाफ 167 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
अफगान गेंदबाजों की कोशिशें रहीं नाकाम
अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट लिए। इसके अलावा राशिद खान, मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई को 1-1 सफलता मिली, लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रोकने के लिए यह पर्याप्त नहीं रहा।














