
रांची: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 22 से 25 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अलग-अलग दिनों के लिए जिलावार अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
22 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में गरज-चमक और तेज हवा के साथ वज्रपात और भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने तथा तेज हवा चलने की संभावना है।
23 सितंबर को 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट
23 सितंबर को मौसम का असर और व्यापक रहने की संभावना है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
24 सितंबर को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
24 सितंबर को रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में मौसम खराब रहने की आशंका है। इन जिलों में तेज हवा और वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
25 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर को पलामू, चतरा और लातेहार में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है।
वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।






