---Advertisement---

मोबाइल गेमिंग की लत बनी जानलेवा: हेडफोन लगाकर PUBG खेल रहे युवक की दिमाग की नस फटी; मौत

On: February 9, 2026 10:27 AM
---Advertisement---

मेरठ: मेरठ के खैरनगर इलाके से मोबाइल गेमिंग की लत का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पबजी (PUBG) खेलने के दौरान अत्यधिक तनाव के कारण 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का ब्लड प्रेशर अचानक इस कदर बढ़ गया कि उसके दिमाग की नस फट गई और दो दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान खैरनगर की गूलर वाली गली निवासी मोहम्मद कैफ (22) के रूप में हुई है। वह पेशे से प्रॉपर्टी डीलर फारुक का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, कैफ पिछले करीब चार महीनों से ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो चुका था और दिन-रात मोबाइल पर पबजी खेलता रहता था।

शुक्रवार रात भी कैफ अपने कमरे में अकेले हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। बताया जा रहा है कि वह देर रात करीब 3 बजे तक लगातार पबजी खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेड से नीचे गिर पड़ा। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो परिजन कमरे में पहुंचे, जहां कैफ बेसुध हालत में पड़ा मिला।

घबराए परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान डॉक्टर भी हैरान रह गए, जब कैफ का ब्लड प्रेशर 300 से अधिक पाया गया। हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया।
दिल्ली के अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि अत्यधिक मानसिक तनाव और उत्तेजना के कारण युवक को ब्रेन हैमरेज हुआ है। दो दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने और इलाज के तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार सुबह कैफ ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, लगातार गेमिंग से पैदा हुआ तनाव और हाई ब्लड प्रेशर ही इस मौत की मुख्य वजह बना।

कैफ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर मोबाइल गेमिंग की बढ़ती लत पर गंभीर चिंता जता रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि ऑनलाइन गेमिंग की लत किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है, खासकर युवाओं के लिए।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now