IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में आज (15 फरवरी) क्रिकेट फैंस की नजरें भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी रहेंगी। यह मैच श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदास स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा। ग्रुप-ए में दोनों टीमें अब तक अजेय हैं और पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 पर काबिज हैं, ऐसे में यह मैच सुपर-8 की राह लगभग तय कर सकता है।
चार अंकों और +3.050 नेट रन रेट के साथ टीम इंडिया ग्रुप-ए में पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे नंबर पर मौजूद है। आज जीतने वाली टीम का सुपर-8 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि हारने वाली टीम पर बाकी मैचों का दबाव बढ़ जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने 7 मुकाबले जीते हैं। पाकिस्तान को एकमात्र जीत 2021 टी20 वर्ल्ड कप में मिली थी। ऐसे में इतिहास का दबाव भी पाक टीम पर रहेगा।
प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग
भारत में मैच का सीधा प्रसारण Star Sports के विभिन्न चैनलों (Star Sports 1, Star Sports 1 Hindi आदि) पर किया जाएगा। फ्री-टू-एयर दर्शक DD Sports पर भी मुकाबला देख सकते हैं। मोबाइल यूजर्स JioHotstar ऐप और वेबसाइट के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।
यह सिर्फ ग्रुप स्टेज का मुकाबला नहीं, बल्कि टूर्नामेंट की दिशा तय करने वाला मैच है। जीतने वाली टीम न केवल पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मजबूत पकड़ बनाएगी, बल्कि सुपर-8 में बेहतर नेट रन रेट और मोमेंटम के साथ पहुंचेगी।
कोलंबो की पिच आम तौर पर धीमी मानी जाती है, जहां स्पिनरों को मदद मिलती है। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिन ऑलराउंडरों की भूमिका अहम रहने वाली है। डेथ ओवरों में गेंदबाजी और मिडिल ओवरों की रन गति मैच का रुख तय कर सकती है।
संभावित प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह
पाकिस्तान: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद














