राजस्थान :अलवर जिले के भिवाड़ी में बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग भड़कने की खबर है इस आग में सात लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि परिसर के भीतर से लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। आशंका है कि फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडर या किसी ज्वलनशील सामग्री विस्फोट की वजह से हादसा हुआ है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित प्लांट करीब दो महीने से बंद था। इसके बावजूद घटना के समय अंदर श्रमिकों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में अब तक 7 श्रमिकों के झुलसे हुए शव बरामद किए जा चुके हैं। राहत और बचाव दल रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रहीं। घटना स्थल पर मौजूद पुलिस टीम ने बताया कि घने धुएं और लगातार हो रहे धमाकों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें हो रही हैं। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया है। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब फैक्ट्री बंद थी तो अंदर श्रमिक किस परिस्थिति में काम कर रहे थे। सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की भी जांच की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना है।








