---Advertisement---

रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था बाइक सवार, सामने से आ गई पलामू एक्सप्रेस, ट्रैक पर फंस गई बाइक और फिर…

On: February 18, 2026 10:38 PM
---Advertisement---

जहानाबाद: पटना–गया रेलखंड पर मंगलवार की रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। जहानाबाद और नदौल स्टेशन के बीच सेवनन गांव के पास स्थित एक अवैध रेलवे क्रॉसिंग पर पलामू एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। इस घटना में रेलवे ट्रैक पर फंसी एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार अप पलामू एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर पटना से रवाना हुई थी। रात करीब नौ बजे ट्रेन जब नदौल स्टेशन पार कर सेवनन गांव के समीप पहुंची, तभी एक बाइक सवार अवैध क्रॉसिंग से रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक अचानक ट्रैक में फंस गई। ट्रेन को तेजी से आता देख बाइक सवार अपनी जान बचाने के लिए बाइक वहीं छोड़कर भाग खड़ा हुआ।

तेजी से आ रही ट्रेन के चालक ने स्थिति को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन की रफ्तार कम करने की कोशिश की, लेकिन तब तक इंजन बाइक से टकरा चुका था और बाइक इंजन में फंस गई। चालक की सूझबूझ से ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही जहानाबाद आरपीएफ पोस्ट से अधिकारी व जवान देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे कर्मियों और आरपीएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन के इंजन में फंसी क्षतिग्रस्त बाइक को बाहर निकाला। इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक घंटा 10 मिनट का समय लगा, जिस कारण पलामू एक्सप्रेस का परिचालन बाधित रहा। बाद में ट्रेन को जहानाबाद स्टेशन लाया गया। विलंब से स्टेशन पहुंचने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने अवैध रेलवे क्रॉसिंग को लेकर नाराजगी भी जताई।

आरपीएफ द्वारा बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध क्रॉसिंग का उपयोग न करें, क्योंकि इससे न सिर्फ उनकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

गौरतलब है कि पटना–गया रेलखंड पर कई स्थानों पर अवैध क्रॉसिंग रेलवे के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now